चुनाव से पहले लुभावने वादे करने वाली कांग्रेस सत्ता में आने के बाद प्रदेश की जनता को भूली : कैलाश चौधरी

चुनाव से पहले लुभावने वादे करने वाली कांग्रेस सत्ता में आने के बाद प्रदेश की जनता को भूली : कैलाश चौधरी

गुडामालानी/बालोतरा (बाड़मेर)

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र के दौरे पर है। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने रविवार दोपहर बाद गुडामालानी में कांग्रेस सरकार के जंगलराज, भ्रष्टाचार एवं कुशासन के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित जन आक्रोश यात्रा के तहत महासभा में भाग लिया। इस जनसभा में बालोतरा भाजपा जिलाध्यक्ष महेश बी. चौहान प्रदेश महामंत्री के.के. विश्नोई सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

भाजपा जन आक्रोश जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राजस्थान में चुनाव से पहले अनेक लुभावने वादे किए थे, जिन्हें कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद पूरी तरह भूल गई है। कैलाश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कुशासन के चलते प्रदेश में महिलाओं और एससी एसटी वर्ग के लोगों के साथ उत्पीड़न हो रहा है। प्रदेश में लॉ एंड आर्डर की हालत इतनी खराब है कि दिनदहाड़े गोलियां चल जाती है, इससे प्रदेश की जनता परेशान है और अपनी सुरक्षा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है।

भारत तो जुड़ा हुआ है, कांग्रेस को जोड़ें राहुल गांधी : केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने भाजपा जन आक्रोश जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी वोटबैंक एवं तुष्टिकरण नीति के कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को प्रश्रय देने का काम किया। कांग्रेस के नेता आज भी सीमा पर होने वाली गतिविधियों के दौरान देश एवं देश की सेना के साथ खड़ा होने की बजाए विरोधी देश की भाषा बोलने लगते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी वर्तमान में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, मैं उन्हें पूछना चाहता हूं कि भारत तो पहले ही जुड़ा हुआ है। जोड़ना है तो पाक अधिकृत कश्मीर को जोड़िए, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू ने अपनी गलत नीतियों के कारण गंवा दिया। आज कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा के बजाय कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालने की आवश्यकता है। राजस्थान में कांग्रेस के नेता आपसी फूट के कारण प्रदेश की जनता को सुशासन देने के बजाय आपसी टकराव एवं भ्रष्टाचार में लगे हुए हैं।