घरेलू शेयर बाजारों में मामूली बढ़त के रुझान के साथ ट्रेड हो रहा है। निवेशकों का ध्यान छोटे और मझोले शेयरों पर शिफ्ट हो गया है। निफ्टी मिड कैप और स्मॉल कैप में लगभग आधा पर्सेंट का उछाल है।सेंसेक्स को ICICI बैंक, HCL टेक, मारुति, SBI और एक्सिस बैंक में तेजी का सपोर्ट मिल रहा है। RIL, HUL, एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया और कोटक बैंक में बिकवाली दबाव बना रही है। इन्हीं शेयरों की वजह से निफ्टी पर भी दबाव है। इसको टाटा स्टील, JSW स्टील, हिंडाल्को, टाटा मोटर्स और ICICI बैंक में खरीदारी का सपोर्ट है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लगभग दो पर्सेंट की गिरावट है। कल कंपनी की एजीएम हुई थी, जिसमें मुकेश अंबानी ने कई अहम कारोबारी फैसलों का ऐलान किया था। कंपनी ने ग्रीन बिजनेस में कुल 75 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने का फैसला किया है।
वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX में 2.65% की कमजोरी है। यह बताती है कि अगले 30 दिनों में निफ्टी सालाना आधार पर इतना चढ़ सकता है। इस वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट बताती है कि शेयर बाजार में तेजी जारी रह सकती है। निचले स्तरों से बढ़ोतरी होना, बाजार में मजबूती कायम रहने के साथ हलचल बढ़ने का संकेत होता है।एशिया के सभी अहम शेयर बाजारों में मजबूती है। जापान का निक्केई इंडेक्स लगभग 0.70% ऊपर चल रहा है। हांगकांग के हैंगसेंग में लगभग 1.20% का उछाल है। चीन के शंघाई कंपोजिट में लगभग 0.80% की बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। कोरिया के कोस्पी में लगभग 0.60% की तेजी है। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरी लगभग 0.60% ऊपर है।NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, शुक्रवार 24 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 2890 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर खरीदे थे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर बेचे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 1,138 करोड़ रुपए के शेयरों की खरीदारी की थी।