सरदारशहर। क्षेत्र में एक सप्ताह से लगातार पड़ रही भयंकर गर्मी के बाद शुक्रवार शाम करीब 4:41बजे हल्की बरसात हुई। जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। आपको बता दें शहर में कुछ दिनों से सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक जबरदस्त गर्मी पड़ रही थी और लोगों का बुरा हाल हो रहा था। गर्मी के कारण दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहता था। तपते सूरज और बरसते अंगारों के कारण सड़कों पर लोक डाउन से लगा हुआ रहता था। लोग बरसात का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में शुक्रवार को शाम 4:41 बजे इंद्र देवता ने मेहरबानी की और 20 मिनट तक बादल बरसे। तहसील कार्यालय के अनुसार शुक्रवार को हुई बारिश 20 एमएम दर्ज की गई। बरसात के बाद सब्जी मंडी, बोडिया कुआ, शिव मार्केट, मुख्य बाजार, राजवाला कुआं, टांटिया का कुंआ के सहित आसपास की अनेक गलियों में पानी भर गया। जिससे पैदल राहगीरों व वाहन चालकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रभावित लोगों ने नगरपालिका के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने बताया कि नगर पालिका द्वारा बरसात से पूर्व कोई तैयारी नहीं की जिससे ये हालात उत्पन्न हुए हैं और आमजन को नगरपालिका की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। आपको बता दें पिछले 2 महीने से बिना बरसात ही इस क्षेत्र में पानी का भराव हर समय रहता है ऐसे में बरसात आने से हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं। फिर भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोई माकूल व्यवस्था नहीं की गई है।