कांग्रेस के झूठे वादों का भांडा फूटा, हरियाणा में बनेगी तीसरी बार भाजपा सरकार: भजनलाल 

कांग्रेस के झूठे वादों का भांडा फूटा, हरियाणा में बनेगी तीसरी बार भाजपा सरकार: भजनलाल 

-समालखा सीट से मनमोहन भड़ाना के समर्थन में जनसभा को किया संबोधित 
जयपुर टाइम्स 
हरियाणा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को हरियाणा में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर अवसर पर देश को शर्मसार करने का मौका नहीं चूकते और देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि राहुल गांधी का इन देश विरोधी तत्वों से क्या रिश्ता है? कांग्रेस का असली चेहरा यही है, जिसमें राष्ट्रहित का कोई स्थान नहीं है। भजन लाल शर्मा ने गुरुवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के तहत समालखा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनमोहन भडाना के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने हरियाणा की संस्कृति और सनातन धर्म को मजबूत बनाने में इस भूमि की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और पड़ोसी राज्य राजस्थान से हरियाणा के गहरे संबंधों पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने 100 करोड़ रुपये की लागत से खाटू श्याम में एक कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया है, जो दर्शनार्थियों के लिए सुविधाओं में वृद्धि करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे शक्तिशाली नेता:

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्वव्यापी प्रतिष्ठा की सराहना की और कहा कि हाल ही में जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे के दौरान उन्होंने पीएम मोदी के प्रति जनता के गहरे सम्मान और प्रेम को महसूस किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता हैं और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में देखना चाहते हैं। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक मदद दी गई है, और वन रैंक-वन पेंशन से सैनिकों को सम्मान प्राप्त हुआ है। मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण, विकास योजनाएं और सीमा सुरक्षा में जबरदस्त सुधार हुआ है, जिससे भारत का वैश्विक मान-सम्मान बढ़ा है।

नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास की लहर:

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में राज्य में पिछले 10 वर्षों में हुए पारदर्शी विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सैनी ने किसानों और मजदूरों के दर्द को समझते हुए एमएसपी पर बाजरा खरीदी की, जिसके चलते हरियाणा में किसानों को राजस्थान के मुकाबले अधिक समर्थन मूल्य मिला। भजन लाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को फिर से जीत दिलाकर हैट्रिक लगाने का मन बना लिया है।

कांग्रेस की राजनीति झूठ और भ्रष्टाचार पर आधारित:

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ और भ्रष्टाचार की जननी है। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों और आपातकाल के दौरान कांग्रेस के काले कारनामों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास झूठे वादों और अराजकता पैदा करने का रहा है। जनता अब इनके मंसूबों को भली-भांति समझ चुकी है और हरियाणा में भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी।

राजस्थान में पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई तेज:

 भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए पेपर लीक मामलों ने युवाओं के सपनों पर कुठाराघात किया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन मामलों में अपराधियों को पकड़ने का काम शुरू कर दिया है। अब मछलियों के साथ बड़े मगरमच्छ भी शिकंजे में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में किए गए 50 प्रतिशत वादे भाजपा सरकार ने 9 माह में पूरे कर दिए हैं, और राजस्थान की जनता को विकास का लाभ मिल रहा है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की और जनसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।