दिल्ली चुनाव 2025: भाजपा ही एकमात्र विकल्प - भागीरथ चौधरी

दिल्ली, 16 जनवरी 2025
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर भाजपा ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को पालम और मटियाला विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रमों में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
पालम में भाजपा प्रत्याशी कुलदीप सोलंकी और मटियाला में संदीप सहरावत के नामांकन के दौरान आयोजित सभाओं में चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार झूठे वादों और गुमराह करने की राजनीति करती आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में दिल्ली भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता और प्रचारवादी राजनीति का शिकार हुई है।
"कांग्रेस का वजूद खत्म, भाजपा ही एकमात्र विकल्प"
चौधरी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह दिल्ली की राजनीति में अप्रासंगिक हो चुकी है। जनता कांग्रेस की नीतियों और विफलताओं को भुला नहीं पाई है। उनके अनुसार, अब दिल्ली को विकास, सुशासन और पारदर्शिता चाहिए, जो केवल भाजपा दे सकती है।
"दिल्ली में भाजपा की बहुमत सरकार बनेगी"
मटियाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दिल्ली में एक नई शुरुआत करेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता 'आप' की नीतियों से निराश और कांग्रेस से उब चुकी है। भाजपा ही दिल्ली को सुरक्षित और विकासशील भविष्य देने का भरोसा दिला सकती है।
चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर जनता तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया। दिल्ली में भाजपा के इस आक्रामक प्रचार अभियान से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।