अहमदाबाद विमान हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन, आज अंतिम संस्कार; अब तक 92 शवों की पहचान, 47 परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद। 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के हादसे को चार दिन हो चुके हैं, लेकिन मंजर अब भी दिल दहला देने वाला है। इस हादसे में अब तक 275 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें विमान में सवार 241 लोग (229 यात्री, 10 क्रू और 2 पायलट) और हॉस्टल बिल्डिंग के 34 लोग शामिल हैं।
रविवार को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का शव भी पहचान लिया गया। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे राजकोट में किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसमें शामिल होंगे। रूपाणी हादसे के समय लंदन यात्रा पर थे।
DNA पहचान के लिए अब तक 250 शवों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 92 की पहचान हो चुकी है। इनमें से 47 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और उन्हें सुरक्षा के साथ एम्बुलेंस से उनके गृहनगर भेजा जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने रविवार को दुर्घटनास्थल का दौरा किया और अस्पतालों में घायलों से मुलाकात की। बाद में केंद्र व राज्य सरकारों, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं पुनर्वास की समीक्षा की।
विमान बीजे मेडिकल कॉलेज एवं सिविल अस्पताल के छात्रावास की इमारत से टकरा गया था। अंतिम मौतों की संख्या DNA रिपोर्ट पूरी होने के बाद तय होगी।