फर्जी पासपोर्ट पर घूम रही थी विदेशी महिला
3 मिनट में ATM से निकाल लिए थे 8.40 लाख रुपए, दिल्ली से मास्टरमाइंड कर रहा था मॉनिटरिंग
जयपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को हैक कर दो विदेशी महिलाओं ने 32 लाख रुपए लूट लिए थे। दोनों शातिर महिलाएं फर्जी पासपोर्ट पर लंबे समय से भारत में घूम रही थीं। SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) पुलिस की जांच में दोनों के नाम व पते फर्जी पाए गए। महिलाओं के पासपोर्ट बेंगलुरु पुलिस ने जब्त कर लिए थे। इसके बाद दोनों ने दलालों के जरिए फर्जी पासपोर्ट बनवा लिए। SOG ने मास्टरमाइंड हैकर को भी गिरफ्तार कर लिया है। खास बात है कि हैकर दिल्ली से बैठ कर पूरी मॉनिटरिंग कर रहा था। केवल 3 मिनट में ही एक ही एटीएम से 8.40 लाख रुपए निकाल लिए थे।
SOG की जांच में तीनों से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
ये सिस्टम पर बड़ा सवाल है कि फर्जी पासपोर्ट से दिल्ली, जयपुर, कोटा व उदयपुर के अलावा कई शहरों में घूमती रहीं।
ये होटल में रुकी हुई थीं।
बताया जा रहा है कि होटल मैनेजमेंट ने दोनों के रुकने की सूचना एयरपोर्ट अथॉरिटी को दी थी।
SOG के इंस्पेक्टर उम्मेद सिंह सोलंकी ने बताया कि दिल्ली के चंद्रविहार में रहने वाले नाइजीरियन संडे कैलेची को गिरफ्तार किया है।
उसे चार दिनों के रिमांड पर रखा है।
संडे कैलेची गिरोह का मास्टरमाइंड है।
वह दिल्ली से ही पूरे सिस्टम को ऑपरेट कर रहा था।
दोनों विदेशी महिलाओं नानटोंगो एलेकजेन्ड्रस निवासी युगांडा व लौरा कैथ निवासी गांबिया ने एटीएम से 32 लाख रुपए निकालने के बाद 20 लाख रुपए उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए थे।
इसके बाद संडे कैलेची ने भी नाइजीरिया में बैंक खाते में रुपए ट्रांसफर कर दिए थे।
एसओजी टीम ने उदयपुर के होटल से रास्पबेरी पाई डिवाइस व लैपटॉप भी बरामद कर लिए हैं।