जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में बड़ा हादसा टला: चंदवाजी में केमिकल से भरा टैंकर पलटा
जयपुर, 28 दिसंबर 2024। जिला प्रशासन की सतर्कता और जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में सिविल डिफेंस टीम ने शनिवार को चंदवाजी क्षेत्र में बड़ा हादसा टाल दिया। मेथेनॉल जैसे खतरनाक केमिकल से भरा टैंकर पलटने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया।
शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे सेवन माता का मंदिर पुलिस थाना क्षेत्र चंदवाजी में मेथेनॉल से भरा टैंकर पलटने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। जिला कलक्टर ने तत्काल सिविल डिफेंस और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उप नियंत्रक सिविल डिफेंस,अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर सिविल डिफेंस टीम ने स्थानीय स्वयंसेवकों और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर हाईवे के दोनों ओर यातायात बंद करवाया। जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने टैंकर पर चस्पा प्लेकार्ड से जानकारी लेकर टीम को केमिकल के खतरों और सावधानियों के बारे में निर्देश दिए।
डॉ. सोनी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। फायर ब्रिगेड की सहायता से टैंकर को सीधा कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। मेथेनॉल, जो कि कैटेगरी 3 का फ्लेमेबल लिक्विड है, से स्पिलेज की स्थिति में वाष्प बनने और आग लगने का खतरा था। लेकिन प्रशासन और सिविल डिफेंस की सतर्कता से यह हादसा टल गया।
करीब साढ़े 5 बजे, पूर्ण एहतियात बरतने के बाद, हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया। जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में प्रशासन और सिविल डिफेंस के साहसिक प्रयासों की सराहना की जा रही है। यह घटना जिला प्रशासन की तत्परता और आपदा प्रबंधन क्षमता का प्रमाण है।