राजेंद्र राठौड़ के जन्मदिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक, 21 अप्रैल को चूरू में होगा भव्य आयोजन
जयपुर टाइम्स, सरदारशहर
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चूरू विधायक राजेंद्र राठौड़ के जन्मदिवस को लेकर सरदारशहर में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक पींचा गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 21 अप्रैल को चूरू में होने वाले भव्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और आयोजन को सफल बनाएं।
विधायक सहारण ने कहा कि राजेंद्र राठौड़ राजस्थान की राजनीति के कद्दावर नेता हैं, जिन्होंने चूरू जिले के लिए जीवन समर्पित किया है। पूर्व विधायक अशोक पींचा ने कहा कि चूरू को मरुस्थलीय जिला घोषित करवाने में राठौड़ की अहम भूमिका रही है, जिससे जिले को राज्य सरकार से कई सौगातें मिली हैं।
पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि मधुसूदन राजपुरोहित ने राठौड़ को जमीन से जुड़ा जननेता बताते हुए कहा कि हालिया परिसीमन में सरदारशहर को मिली 3 नई पंचायत समितियां और 20 नई ग्राम पंचायतें उनकी ही देन हैं।
नगर परिषद सभापति राजकरण चौधरी ने कहा कि राठौड़ 36 कौमों के नेता हैं और इस बार सरदारशहर से रिकॉर्ड संख्या में कार्यकर्ता उनके जन्मदिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। बैठक में पूर्व जिला उपाध्यक्ष पदम सिंह राठौड़, भैरोसिंह राजपुरोहित, मुरलीधर सैनी, ईश्वरराम डूडी सहित कई नेताओं ने संबोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन गिरधारी लाल पारीक ने किया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।