महाराष्ट्र: सीएम उम्मीदवार का फैसला आज, बोले शिंदे- "हर निर्णय का समर्थन करूंगा"

मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रही चर्चा आज खत्म हो सकती है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को सतारा दौरे के दौरान स्पष्ट किया कि वह पार्टी नेतृत्व के हर फैसले का समर्थन करेंगे। शिंदे ने कहा कि महायुति (भाजपा, शिंदे गुट और अन्य सहयोगी दल) में अच्छी समझ है, और मुख्यमंत्री पद का फैसला सोमवार को होगा।
शिंदे ने अपने सतारा दौरे पर कहा कि व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बाद वह आराम करने आए थे। उन्होंने बताया, "मैंने अपने 2.5 साल के कार्यकाल में कोई छुट्टी नहीं ली, जिसकी वजह से मेरी तबीयत बिगड़ी, लेकिन अब मैं ठीक हूं। लोग मुझसे मिलने यहां आते हैं, और मैं उनकी बात सुनने के लिए हमेशा तैयार हूं। यह सरकार जनता की बात सुनेगी।"
उन्होंने अपनी सरकार के कामों को ऐतिहासिक बताया और कहा कि पिछले ढाई सालों में उनकी सरकार ने जो काम किए हैं, वह इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखे जाएंगे। शिंदे ने भरोसा जताया कि जनता ने महायुति को अभूतपूर्व जनादेश दिया है, और अब सभी मिलकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।