राजस्थान के विवादित खेल संघों को नोटिस, खिलाड़ियों को आर्थिक मदद 

राजस्थान के विवादित खेल संघों को नोटिस, खिलाड़ियों को आर्थिक मदद 

जयपुर टाइम्स  | जयपुर (कासं.) – खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश के विवादित खेल संघों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल संघों में चल रहे आपसी झगड़ों के कारण खिलाड़ियों को नुकसान हो रहा है, जिसे सरकार सख्ती से समाप्त करेगी।  

मंत्री ने बताया कि खेल संघों को तय समय में विवाद सुलझाने का निर्देश दिया जाएगा, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई होगी। इसके अलावा, ओलिंपिक की तैयारी कर रहे राजस्थान के खिलाड़ियों को सरकार आर्थिक सहायता देगी।  

राठौड़ ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रैक्टिस एरिया में फ्लड लाइट लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण शाम के समय बेहतर ट्रेनिंग के लिए यह आवश्यक है। साथ ही, मैदान में ग्रीन कारपेट बिछाने और नेट्स को ऊंचा करने का फैसला लिया गया है।  

खेल मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में आउट ऑफ टर्न पॉलिसी के तहत खिलाड़ियों को खेल विभाग में नियुक्ति मिलेगी। साथ ही, रिक्त पदों पर जल्द भर्ती और कॉन्ट्रैक्चुअल कोच की संख्या बढ़ाई जाएगी।