सुल्क्षनिया जुणवाल ने 5वीं बोर्ड में हासिल किया 'ए' ग्रेड, प्रदेश में 97.47% छात्र हुए पास

जयपुर। राजस्थान शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को कक्षा 5वीं बोर्ड परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें प्रदेशभर का कुल परिणाम 97.47% रहा। इस बार छात्राओं ने 97.66% के साथ छात्रों (97.29%) से बेहतर प्रदर्शन किया। परीक्षा परिणाम जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में जारी किए गए, जिसमें शिक्षा मंत्री मदन दिलावर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
देवगांव की गुरुकुल एकेडमी की छात्रा सुल्क्षनिया जुणवाल ने 'ए' ग्रेड प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने हिंदी, अंग्रेजी और ईवीएस में 'ए' ग्रेड तथा गणित में 'बी' ग्रेड हासिल किया। सुल्क्षनिया ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय निदेशक विक्रम सिंह राठौड़, शिक्षकों और अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि गुरुजनों की प्रेरणा और परिवार का सहयोग उनके लिए सबसे बड़ा संबल रहा।
इस वर्ष 7 से 17 अप्रैल तक आयोजित परीक्षा में कुल 13,30,190 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 12,96,495 छात्र पास हुए। परीक्षा का आयोजन बीकानेर स्थित शिक्षा विभागीय परीक्षा कार्यालय द्वारा किया गया।
परीक्षा परिणाम ग्रेड प्रणाली पर आधारित रहा, जिसमें छात्रों को ए, बी, सी और ई ग्रेड दिए गए। ई ग्रेड प्राप्त करने वाले छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। हालांकि शिक्षा विभाग की नीति के अनुसार किसी भी विद्यार्थी को फेल नहीं किया गया है।
सुल्क्षनिया की यह सफलता आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।