जयपुर में 28 अप्रैल को कांग्रेस की 'संविधान बचाओ' रैली, खड़गे होंगे शामिल*  

जयपुर में 28 अप्रैल को कांग्रेस की 'संविधान बचाओ' रैली, खड़गे होंगे शामिल*  

जयपुर में 28 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत प्रदेश स्तरीय रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके साथ ही खड़गे 2200 मंडल अध्यक्षों की एक अलग बैठक को भी संबोधित करेंगे। रैली की जगह तय की जा रही है और 24 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में इसकी तैयारियों को लेकर बैठक बुलाई गई है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि यह अभियान प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि 3 से 10 मई तक जिला स्तर पर, 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर और फिर बूथ स्तर पर रैलियों और कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके बाद 20 से 30 मई तक घर-घर जाकर कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जागरूक करेंगे।

डोटासरा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार हिटलरशाही पर उतर आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट तक को निशाने पर लिया जा रहा है। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। चुनाव के समय विपक्ष के संसाधनों को खत्म करने की कोशिशें हो रही हैं। 

डोटासरा ने कहा कि संविधान बचाओ अभियान का उद्देश्य जनता को यह समझाना है कि किस तरह से केंद्र सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को असलियत बताएंगे और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने का संकल्प लेंगे।