विश्व योग दिवस पर योग और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित, बॉलीबॉल कोर्ट का भी हुआ शुभारंभ

जयपुर, 21 जून। विश्व योग दिवस के अवसर पर नेचर वेलफेयर काउंसिल (भारत), वाईटलकेयर फाउंडेशन एवं वीकेआई क्रिएशन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में योगाभ्यास एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन तथा पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में वीकेआई क्रिएशन क्लब के अध्यक्ष संजय खोज ने मुख्य अतिथि एवं नेचर वेलफेयर काउंसिल (भारत) के चेयरमैन सर्वेश्वर शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में सर्वेश्वर शर्मा ने कहा कि पौधों की अवैध कटाई के कारण पर्यावरण प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है और जलवायु परिवर्तन गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी का तापमान बढ़ने से जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है तथा अनेक पशु-पक्षियों का अस्तित्व संकट में है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण, संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रत्येक भारतीय से कम से कम पांच पौधे गोद लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक इस संकल्प को अपनाए तो एक वर्ष में करोड़ों पौधे लगाए जा सकते हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में वीकेआई क्रिएशन क्लब के महासचिव दीपक अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, खेल सचिव अनुपम माथुर, वीकेआई एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण गुप्ता, महासचिव पुष्प कुमार स्वामी, कोषाध्यक्ष राजेश पोद्दार, क्लब एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बॉलीबॉल कोर्ट का शुभारंभ भी किया गया, जिसका उपस्थित जनों ने स्वागत करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
