Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
जयपुर

योग से गूंजा जल वायु टावर्स परिसर, उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

द्वारा Jaipur Times
योग से गूंजा जल वायु टावर्स परिसर, उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

पूर्व सैन्य अधिकारियों, महिलाओं और रहवासियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास जयपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बोयतावाला स्थित जल वायु टावर्स (जेवीटी) सोसायटी में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से भरपूर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोसायटी प्रबंध समिति की ओर से कम्युनिटी हॉल में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य रहवासियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।सुबह के शांत और प्रेरणादायी वातावरण में प्रतिभागियों ने अनुशासन के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षिका अनुराधा ने उपस्थित लोगों को योग की विविध विधाओं का अभ्यास करवाते हुए उनके वैज्ञानिक, शारीरिक और मानसिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाता है, बल्कि तनाव में कमी, मानसिक एकाग्रता तथा सकारात्मक सोच के विकास में भी सहायक है। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैन्य अधिकारियों ने योग को अनुशासित और स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के माध्यम से सक्रिय व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान योग दिवस की थीम के अनुरूप स्वास्थ्य, संतुलन और सामूहिक कल्याण का संदेश भी दिया गया। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता को भी सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, निरोग और खुशहाल समाज की कामना तथा नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ।

प्रतिक्रियाएं

12 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।