Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
राष्ट्रीय

बेंगलुरु में NEET परीक्षा केंद्र के बाहर छलके छात्रों के आंसू, देर से पहुंचने पर नहीं मिली प्रवेश की अनुमति

द्वारा Jaipur Times
बेंगलुरु में NEET परीक्षा केंद्र के बाहर छलके छात्रों के आंसू, देर से पहुंचने पर नहीं मिली प्रवेश की अनुमति

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रविवार को आयोजित NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा के दौरान भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले। परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद कुछ छात्र-छात्राएं केंद्र के बाहर ही रो पड़े। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अभ्यर्थी और उनके परिजन अधिकारियों से प्रवेश की अनुमति देने की गुहार लगाते दिखाई दिए।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के नियमों के तहत परीक्षा केंद्रों के गेट निर्धारित समय के बाद बंद कर दिए गए थे। ऐसे में देर से पहुंचे छात्रों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिल सका। कुछ अभ्यर्थियों ने यातायात जाम और रास्ते में हुई देरी को इसकी वजह बताया।

परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों की निराशा साफ दिखाई दी। कई अभ्यर्थी अपने भविष्य को लेकर चिंतित नजर आए, जबकि अभिभावक भी भावुक हो गए। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी केंद्रों पर NTA के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया गया है और निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जा सकता।

उल्लेखनीय है कि NEET-UG देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसके माध्यम से MBBS, BDS और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। ऐसे में कुछ मिनट की देरी भी कई अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा से वंचित होने का कारण बन गई।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।