Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
राष्ट्रीय

गंभीर चोटों के बावजूद NEET परीक्षा देने पहुंची सृष्टि, शिक्षा मंत्री के हस्तक्षेप से मिली विशेष व्यवस्था

द्वारा Jaipur Times
गंभीर चोटों के बावजूद NEET परीक्षा देने पहुंची सृष्टि, शिक्षा मंत्री के हस्तक्षेप से मिली विशेष व्यवस्था

कोलकाता। दृढ़ इच्छाशक्ति और हौसले की मिसाल पेश करते हुए पश्चिम बंगाल की नीट परीक्षार्थी सृष्टि दुबे ने गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद भी परीक्षा देने का संकल्प नहीं छोड़ा। 14 जून को हुए एक भीषण सड़क हादसे में सृष्टि गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसमें उसकी नौ पसलियां टूट गईं। चिकित्सकों को उसकी सर्जरी करनी पड़ी और वर्तमान में वह कृत्रिम ऑक्सीजन सपोर्ट पर है।

गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद सृष्टि ने नीट परीक्षा में शामिल होने की इच्छा जताई। उसकी इस जिजीविषा को देखते हुए माता-पिता ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तक अपनी बात पहुंचाई। उन्होंने अनुरोध किया कि अस्पताल परीक्षा केंद्र पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है तथा सृष्टि को परीक्षा देने के लिए विशेष व्यवस्था प्रदान की जाए। उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर अलग कमरे, टेबल-कुर्सी और चेस्ट ड्रेन सहित अन्य चिकित्सीय उपकरणों के साथ परीक्षा में बैठने की अनुमति मांगी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मानवीय आधार पर तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर परीक्षा केंद्र पर सृष्टि के लिए विशेष कक्ष की व्यवस्था की गई। साथ ही मेडिकल टीम, आवश्यक चिकित्सा उपकरण और एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

विशेष व्यवस्थाओं के बीच सृष्टि अस्पताल के कपड़ों में ही परीक्षा देने पहुंची और अपनी परीक्षा दे रही है। बेटी के सपने को साकार करने में मिली इस सहायता के लिए उसके माता-पिता ने शिक्षा मंत्री को फोन कर धन्यवाद ज्ञापित किया। सृष्टि का साहस आज लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गया है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।

गंभीर चोटों के बावजूद NEET परीक्षा देने पहुंची सृष्टि, शिक्षा मंत्री के हस्तक्षेप से मिली विशेष व्यवस्था