- घर घर पहुंच रही कम्यूनिटी पुलिस 

- घर घर पहुंच रही कम्यूनिटी पुलिस 

महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल की अभिनव पहल 

- सुरक्षा सखी संवाद में दो लाख से अधिक महिलाओं को किया जागरूक 
- जयपुर टाइम्स 
जयपुर। प्रदेश की भजनलाल सरकार महिला व बालिका सुरक्षा को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर पूरे राजस्थान में सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा मनाया गया जिसमें करीब ढाई लाख से अधिक बालिकाओं को जागरूक किया जा चुका है। अक्टूबर से संचालित ‘सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़े‘ में अब तक प्रदेश के पुलिस थानों से जुड़ी सुरक्षा सखियों के माध्यम से घर-घर कैंपेन चलाते हुए 2 लाख 17 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया है। अतिरिक्त महानिदेशक, पुलिस (एडीजी) सिविल राइट्स व एएचटी मालिनी अग्रवाल ने बताया कि राज्य सरकार व पुलिस मुख्यालय महिला सुरक्षा के विषय को लेकर गम्भीर और संवेदनशील है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गत दिनों समीक्षा बैठक में प्रदेश में गांव-गांव और घर-घर तक विशेष जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश प्रदान किए थे। इसी के तहत प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं में स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से यह अभियान सभी जिलों में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसमें अब तक प्रदेश के थाना स्तर पर सक्रिय सुरक्षा सखियों के माध्यम से एक लाख 37 हजार से अधिक बालिकाओं और करीब 80 हजार महिलाओं को जागरूक किया जा चुका है। ‘सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़े‘ की गतिविधियां 20 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगी।

 

सुरक्षा सखियां घर-घर जाकर कर रही व्यक्तिगत सम्पर्क:

 

एडीजी अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में पुलिस आयुक्त, रेंज महानिरीक्षक, जिला पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपायुक्तों की देखरेख में थानों के स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारियों के पर्यवेक्षण में ‘सुरक्षा सखियों की ओर से घर-घर जाकर महिलाओं और बालिकाओं से व्यक्तिगत सम्पर्क करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा से सम्बंधित कानूनों के बारे में जानकारी दे रही है। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं से प्राप्त फीडबैक और सुझावों से सम्बंधित थानों को अवगत कराया जाएगा। 

 

सराहनीय कार्य पर सुरक्षा सखियां को मिलेगा सम्मान:

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पुलिस आयुक्त, रेंज महानिरीक्षक, जिला पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपायुक्त के स्तर पर राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया पर प्लेटफार्म्स पर भी अभियान से जुड़ी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में प्रत्येक जिले में सराहनीय कार्य करने वाली सुरक्षा सखियों को अभियान की समाप्ति के बाद रेंज स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।