नगर परिषद द्वारा की जा रही वसूली को लेकर रेहड़ी ठेले वालों में आक्रोश

नगर परिषद द्वारा की जा रही वसूली को लेकर रेहड़ी ठेले वालों में आक्रोश

बहरोड़। कस्बे के मुख्य चौराहे पर पुल के नीचे संचालित अस्थाई रेहड़ी ठेले वालों ने बुधवार को नगर परिषद द्वारा की जा रही अवैध वसूली के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। सभी रेहड़ी वालों ने पुल के नीचे इकट्ठा होकर नगर परिषद के खिलाफ अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। इस दौरान पूर्व विधायक बलजीत यादव रेहड़ी वालों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना। जहां रेहड़ी वालों ने पूर्व विधायक को अपने ऊपर हो रहे अन्याय के बारे में बताया कि हम पिछले लगभग दस वर्षों से रेहड़ी ठेले लगाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। ओर इसी से हमारे घर का चूल्हा जलता है लेकिन शायद अब नगर परिषद प्रबंधन को यह भी रास नहीं आ रहा। हालांकि इससे पहले कभी किसी भी तरह का कोई शुल्क हमसे नहीं लिया गया। लेकिन अब प्रतिदिन चालीस से पचास रुपए अवैध रूप से वसूले जा रहे हैं। दिनभर में फल व सब्जी बेचकर सिर्फ दो सौ से तीन सौ रू ही कमा पाते हैं और उसमें भी चालीस से पचास रू की रशीद काटकर हमसे वसूली की जा रही है। जिससे हमारा परिवार चलाना दुभर हो गया है। वहीं बलजीत यादव भी नगर परिषद प्रबंधन के खिलाफ जमकर बरसे और इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान बहरोड़ के सभी फल, सब्जी वाले हड़ताल पर हैं।