आज से शुरू होगा महालक्ष्मी यज्ञ

आज से शुरू होगा महालक्ष्मी यज्ञ


कलश यात्रा, शोभायात्रा का होगा आयोजन,
श्रीमाधोपुर 
श्रीमाधोपुर में आज से होने वाले विशाल श्री महालक्ष्मी यज्ञ के आयोजन को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है
शहर के श्री सीताराम बाबा बावड़ी आश्रम के श्रीमहंत व महामंडलेश्वर ओमकार दास महाराज के नेतृत्व में श्री महालक्ष्मी यज्ञ व मूर्ति स्थापना कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यज्ञ के आयोजन के लिए यज्ञ मंडप का निर्माण व सजावट की गई है। यज्ञ के यज्ञाचार्य अयोध्या महंत गणेशदास महाराज होंगे। संतो की मौजूदगी में यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी जाएगी। यज्ञ दर्शन प्रतिदिन सवेरे 9 से 12 बजे तक होगा। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक संत प्रवचन के अलावा शाम 6 से रात 8 बजे तक रोजाना भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रीगणेशजी, भगवान राम व महालक्ष्मी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दौरान श्रीमठ पंच गंगा घाट काशी-बनारस के रामानंदाचार्य पीठ जगद्गुरू रामनरेशाचार्य महाराज का सानिध्य रहेगा।

9 दिनों तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम

महंत ओमकार दास ने बताया कि गुरुवार 9 मार्च को बावड़ी आश्रम से सवेरे 9.15 बजे से 11 सौ महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान शोभायात्रा में हाथी, घोड़ा, बैंड बाजे के साथ संत दर्शन, सजीव झांकियां मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।

10 मार्च को रात आठ बजे से गो भक्त व भजन गायक प्रकाश दास महाराज भजनों की प्रस्तुति देंगे।

11 मार्च को रात आठ बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन होगा जिसमें कवि उमेश अत्साही, पवन पारस, विवेकानंद किशोर पारीक, बीएल सावन, अमित आजाद प्रस्तुति देंगे।

12 मार्च को रात आठ बजे से जादुगर आरके सोनी के द्वारा जादू का शो किया जाएगा।

13 मार्च को नाट्य कलाकारों के द्वारा राज भर्तहरी नाटक का मंचन रात 8 बजे से किया जाएगा।

14 मार्च को सामूहिक दीप यज्ञ रात 8 बजे से किया जाएगा।

15 मार्च को शेखावाटी के मुकेश राजस्थानी एंड पार्टी के द्वारा रात आठ बजे से फागोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

16 मार्च को रात 8 बजे से सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें भामाशाह व कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।