महात्मा गांधी के विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री का अहम निर्णय, 2 अक्टूबर से गांधी वाटिका का संचालन करेगा पर्यटन विभाग

महात्मा गांधी के विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री का अहम निर्णय, 2 अक्टूबर से गांधी वाटिका का संचालन करेगा पर्यटन विभाग

जयपुर, 25 सितंबर 2024 मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा ने महात्मा गांधी के मूल्यों और सिद्धांतों को युवाओं तक पहुंचाने और गांधी दर्शन को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती से, सेंट्रल पार्क स्थित गांधी दर्शन म्यूजियम (गांधी वाटिका) का संचालन पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया जाएगा। इस निर्णय के अंतर्गत गांधी वाटिका के उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए पुरातत्त्व और संग्रहालय विभाग के विशेषज्ञों की सेवाएं भी ली जाएंगी। 

मुख्यमंत्री ने गांधी वाटिका के संचालन और महात्मा गांधी के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए एक विशेष समिति के गठन के निर्देश भी दिए हैं। यह समिति नियमित रूप से वाटिका के संचालन की निगरानी करेगी और गांधीजी के मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए सुझाव देगी। 

पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग के शासन सचिव  रवि जैन ने बताया कि म्यूजियम में महात्मा गांधी की जीवन यात्रा को डिजिटल और नवीन तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। म्यूजियम में तीन हिस्सों में गांधीजी के जीवन के विभिन्न चरणों को दर्शाया गया है—अंग्रेजों के भारत आगमन, गांधीजी का दक्षिण अफ्रीका प्रवास, भारत में स्वतंत्रता आंदोलन और गांधीजी के दर्शन पर आधारित साहित्य।

गांधीजी के विचारों से प्रेरणा लेने के लिए यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा, और इसे पर्यटन विभाग की सूची में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, सत्य और अहिंसा के संदेशों को प्रसारित करने के लिए गांधीजी के जीवन पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

गौरतलब है कि वर्तमान में गांधी वाटिका का संचालन जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है, जिसने 85 करोड़ रुपये की लागत से इस म्यूजियम का निर्माण तीन मंजिलों में किया है।