मुख्यमंत्री की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मुलाकात, पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईआरसीपी लिंक परियोजना पर त्रिपक्षीय समीक्षा बैठक आयोजित

मुख्यमंत्री की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मुलाकात, पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईआरसीपी लिंक परियोजना पर त्रिपक्षीय समीक्षा बैठक आयोजित

नई दिल्ली, 25 सितंबर 2024 राजस्थान, मध्य प्रदेश और केंद्र सरकार के बीच जल शक्ति मंत्रालय में पार्वती-कालीसिंध-चंबल-ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) लिंक परियोजना पर त्रिपक्षीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री  सीआर पाटिल, राजस्थान के मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा ने बताया कि इस बैठक में परियोजना से संबंधित लंबित विवादों को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सहयोग से सुलझा लिया गया है। जल्द ही इस परियोजना के लिए मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) पर हस्ताक्षर होंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना दोनों राज्यों की जनता के हित में है और इसके तहत जल संसाधन प्रबंधन, जल वितरण व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों में जल संबंधी मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में राजस्थान में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एनजीओ की मदद से जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) और जल भंडारण संरचनाओं को पुनर्जीवित करने पर विशेष चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही इस परियोजना के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे, जिससे दोनों राज्यों की जल संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।