उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया महाराव उम्मेद सिंह का  योगदान का स्मरण

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया महाराव उम्मेद सिंह का  योगदान का स्मरण

-उम्मेद सिंह द्वितीय की जयंती पर क्षत्रिय राजपूत समाज की प्रतिभाओं का सम्मान
जयपुर टाइम्स 
कोटा। अनंत चतुर्दशी की पूर्व संध्या पर महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय की जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। हाड़ौती क्षत्रिय शिक्षा प्रचारिणी समिति के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी रही। उन्होंने महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में अध्यक्षता पूर्व सांसद इज्यराज सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी और अयोध्या के पीठाधीश्वर जगतगुरु संत स्वामी बालमुकुन्दाचार्य शामिल थे। समारोह में लगभग 90 युवा प्रतिभाओं को शिक्षा, खेलकूद और सरकारी नौकरियों में सफलता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक कोटा की नींव महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय ने रखी थी और उनकी दूरदर्शिता के कारण कोटा का निरंतर विकास हुआ। उन्होंने कहा कि महाराव उम्मेद सिंह ने शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, वन, भू राजस्व, और पशुधन के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया, जो आज भी इस क्षेत्र के विकास में सहायक है। महिलाओं की प्रगति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल और नौकरी के क्षेत्र में महिलाओं की अग्रणी भूमिका विकसित भारत के निर्माण में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने समारोह में उपस्थित मातृशक्ति का सम्मान करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है। उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को न केवल शिक्षा के क्षेत्र में, बल्कि संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के साथ राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने की दिशा में भी काम करना चाहिए। अयोध्या के पीठाधीश्वर जगतगुरु संत स्वामी बालमुकुन्दाचार्य ने कोटा के गौरवशाली इतिहास और क्षत्रिय धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने क्षत्रिय समाज के योगदान की सराहना की और कहा कि समाज की इन प्रतिभाओं ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समुदाय का नाम रोशन किया है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद इज्यराज सिंह ने भी अपने संबोधन में पुरस्कृत युवाओं को बधाई दी और कोटा के विकास के लिए बजट प्रदान करने के लिए उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय की विरासत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह में हाड़ौती क्षत्रिय शिक्षा प्रचारिणी समिति के अध्यक्ष शिवराज सिंह राठौड़, महासचिव ठाकुर वीरेन्द्र सिंह शक्तावत, पूर्व आईएएस अमर सिंह, समिति के अन्य सदस्य और समाज के कई लोग उपस्थित रहे।