जीणमाता मंदिर के पुजारी पर यौन शोषण का आरोप, थाने का घेराव कर रहे लोग

सीकर, राजस्थान
प्रसिद्ध जीणमाता शक्तिपीठ के पुजारी महेंद्र पाराशर पर एक महिला ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। मामला सामने आते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुजारी के समर्थन में ग्रामीणों ने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके ससुरालवालों ने पुजारी से पैसे उधार ले रखे थे। पुजारी जब भी घर आता, वह उस पर गलत नजर रखता था। महिला ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों के सहयोग से पुजारी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं।
इस मामले को लेकर तीन पक्ष सामने आए हैं। महिला की सास ने कहा कि उनकी बहू झगड़ालू प्रवृत्ति की है और आए दिन लोगों पर झूठे आरोप लगाती है। उन्होंने पुजारी को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह जीणमाता मंदिर के सम्मानित पुजारी हैं और समाज में प्रतिष्ठित स्थान रखते हैं।
थाना प्रभारी दलीप सिंह ने जानकारी दी कि महिला ने न केवल एफआईआर दर्ज कराई, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पुजारी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले पोस्ट डाले। इसके चलते आईटी एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुजारी महेंद्र पाराशर ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपनी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की साजिश बताया। उन्होंने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि महिला ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों परिवारों के बीच किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस धरने पर बैठे लोगों को शांत करने का प्रयास कर रही है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।