पेपरलीक पर कांग्रेस को घेरा, एक लाख नौकरियों का वादा दोहराया  

पेपरलीक पर कांग्रेस को घेरा, एक लाख नौकरियों का वादा दोहराया  

भीनमाल। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को भीनमाल पहुंचे, जहां उन्होंने श्री दूदेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर पेपर लीक मामलों को लेकर कड़ा प्रहार किया और युवाओं को रोजगार देने के वादे को दोहराया।  

पेपर लीक पर कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया
सीएम ने कहा कि कांग्रेस शासन में 19 में से 17 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार आने के बाद एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।  

एक लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य  
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार एक साल में एक लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे पर कायम है। अब तक 60 हजार युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है, 15 हजार अगले महीने तक और शेष जुलाई तक पूरी कर दी जाएंगी।  

किसानों और महिलाओं के लिए योजनाएं 
सीएम ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त राज्य सरकार से भी आर्थिक सहायता मिलेगी। महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे।  

कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक डॉ. समरजीत सिंह, पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल समेत कई प्रमुख नेता और संत महंत उपस्थित रहे।