26/11 हमलों का दोषी तहव्वुर राणा आज भारत लाया जाएगा: अमेरिका ने प्रत्यर्पण की दी मंजूरी, मुंबई-दिल्ली की जेलों में रखने की तैयारी

मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड और पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा को आज भारत लाया जाएगा। राणा को भारत लाने के लिए NIA और RAW की संयुक्त टीम अमेरिका में मौजूद है। प्रत्यर्पण की सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी है, जिसमें उसने भारत न भेजे जाने की अपील की थी।
राणा ने कोर्ट में खुद को पार्किंसन बीमारी से पीड़ित बताया था और दावा किया था कि भारत में उसके साथ अमानवीय व्यवहार हो सकता है। हालांकि कोर्ट ने उसकी दलीलों को खारिज करते हुए भारत को सौंपने की अनुमति दे दी।
राणा को 2009 में अमेरिकी एजेंसी FBI ने गिरफ्तार किया था। अमेरिका में उसे लश्कर-ए-तैयबा का समर्थन करने और आतंकवाद से जुड़े मामलों में दोषी पाया गया था। फिलहाल वह लॉस एंजिल्स के एक डिटेंशन सेंटर में बंद था।
भारत लाकर उसे दिल्ली या मुंबई की हाई सिक्योरिटी जेल में रखा जाएगा।
बता दें कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने समन्वित हमला किया था, जिसमें 175 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हुए थे। इन हमलों में तहव्वुर राणा की भूमिका को लेकर भारत लंबे समय से प्रत्यर्पण की कोशिश कर रहा था।