भारत ने बंद की बांग्लादेश की ट्रांसशिपमेंट सुविधा, व्यापार पर पड़ सकता है बड़ा असर 

भारत ने बंद की बांग्लादेश की ट्रांसशिपमेंट सुविधा, व्यापार पर पड़ सकता है बड़ा असर 


जयपुर टाइम्स, नई दिल्ली 

भारत ने बांग्लादेश को दी जा रही ट्रांसशिपमेंट (माल हस्तांतरण) सुविधा को बंद कर दिया है, जिससे बांग्लादेश के भूटान, नेपाल और म्यांमार जैसे देशों के साथ व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने 8 अप्रैल को जारी सर्कुलर में यह फैसला सार्वजनिक किया।  

साल 2020 से जारी इस व्यवस्था के तहत बांग्लादेश को भारत के ज़मीन और हवाई मार्गों से अन्य देशों में सामान भेजने की सुविधा मिली हुई थी। यह कदम खासतौर पर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने और व्यापार सुगमता के लिए था। लेकिन अब यह व्यवस्था खत्म कर दी गई है।  

ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के प्रमुख अजय श्रीवास्तव के अनुसार, नया आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। हालांकि, जो माल पहले से भारत में ट्रांजिट में है, उसे पुरानी व्यवस्था के तहत ही आगे भेजा जाएगा।  

इस फैसले से खासतौर पर भूटान और नेपाल जैसे लैंडलॉक देशों को झटका लग सकता है, जो बांग्लादेश के साथ व्यापार के लिए भारतीय रास्तों पर निर्भर हैं। ट्रांसशिपमेंट सुविधा बंद होने से लागत, समय और अनिश्चितता बढ़ेगी।  

दूसरी ओर, भारतीय कारोबारियों को इससे लाभ होने की संभावना है, खासकर परिधान, जूते और आभूषण क्षेत्र के निर्यातकों को। भारतीय व्यापार संगठनों ने पहले ही इस सुविधा को हटाने की मांग की थी। अब दिल्ली जैसे बड़े केंद्रों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और भारतीय निर्यातकों को अधिक हवाई क्षमता भी मिलेगी।