बलूचिस्तान में पहली बार किसी हिंदू लड़की की नियुक्ति: 25 साल की कशिश चौधरी बनीं असिस्टेंट कमिश्नर, बोलीं- महिलाओं और वंचितों के लिए काम करूंगी

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पहली बार एक हिंदू लड़की को असिस्टेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है। 25 वर्षीय कशिश चौधरी ने बलूचिस्तान पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा पास कर यह मुकाम हासिल किया है। वे चागाई जिले के नोशकी शहर की निवासी हैं और उनकी इस उपलब्धि को पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदायों के लिए एक प्रेरणास्पद कदम माना जा रहा है।
सोमवार को कशिश अपने पिता गिरधारी लाल के साथ बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती से मिलने क्वेटा पहुंचीं। वहां उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताया। कशिश ने कहा कि वे समाज के हाशिए पर मौजूद वर्गों खासतौर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करेंगी।
कशिश के पिता गिरधारी लाल एक मध्यम वर्गीय व्यापारी हैं। वे अपनी बेटी की सफलता से बेहद गर्वित हैं। उन्होंने बताया कि कशिश बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर थी और अपने समुदाय के लिए कुछ बड़ा करना चाहती थी।
कशिश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पाकिस्तान के सामाजिक ढांचे में एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां अल्पसंख्यकों की भागीदारी प्रशासनिक सेवाओं में अक्सर सीमित रही है।
उनकी यह नियुक्ति ना केवल बलूचिस्तान के प्रशासनिक ढांचे में विविधता लाएगी, बल्कि युवाओं विशेषकर लड़कियों के लिए एक मजबूत संदेश भी देगी कि मेहनत, लगन और उद्देश्य के साथ कुछ भी हासिल किया जा सकता है।
कशिश अब आने वाले दिनों में अपने कार्यक्षेत्र में सामाजिक बदलाव की दिशा में कदम उठाने की तैयारी में हैं।