मुंबई बोट हादसे में राजस्थान के मार्कोस कमांडो शहीद, धोनी को दी थी गन चलाने की ट्रेनिंग

जयपुर। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास हुए बोट हादसे में जयपुर ग्रामीण के रहने वाले मार्कोस कमांडो महेंद्र सिंह (34) शहीद हो गए। हादसे में नेवी के 4 जवानों सहित 13 लोगों की जान चली गई। शहीद महेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात तक उनके पैतृक गांव रेनवाल के जूनसिया पहुंचेगा। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा।
भारत की सबसे खतरनाक यूनिट का हिस्सा थे महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह नेवी की मार्कोस यूनिट में पेटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। मार्कोस कमांडो अपनी खतरनाक ट्रेनिंग और विशेष अभियानों के लिए जाने जाते हैं। महेंद्र सिंह ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को भी गन चलाने की ट्रेनिंग दी थी।
दो महीने बाद होने वाली थी रिटायरमेंट:
रेनवाल तहसीलदार कोमल यादव ने बताया कि महेंद्र सिंह दो महीने बाद नेवी से रिटायर होने वाले थे। उनका परिवार इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
हादसे का विवरण:
यह हादसा 18 दिसंबर को दोपहर 3:55 बजे हुआ, जब नीलकमल बोट गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जाते समय नेवी के जहाज से टकरा गई। टक्कर के बाद बोट समुद्र में डूब गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
शहीद महेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी उनके गांव पहुंचेंगे।