अहिंसा मार्च से दिया गांधीमार्ग पर चलने का संदेश

अहिंसा मार्च से दिया गांधीमार्ग पर चलने का संदेश


सवाई माधोपुर, 22 जनवरी। शांति एवं अहिंसा विभाग द्वारा सवाईमाधोपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रातः अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर जिला कलेक्ट्रेट से गुलाब बाग तक अहिंसा मार्च को रवाना किया। अहिंसा यात्रा के दौरान लोगों ने महात्मा गांधी अमर रहे के नारे लगाए और साथ ही गांधी के विचारों पर चलने का संदेश दिया। गुलाब बाग पहुंचकर रैली का समापन गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना,अतिरिक्त जिला कलेक्टर सूरज सिंह नेगी उपखंड अधिकारी सवाई माधोपुर कपिल शर्मा तथा गांधी जीवन दर्शन समिति के सह संयोजक विनोद जैन ने गांधी जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान रामधुन नामधुन एवं शांति पाठ किया गया। इस दौरान स्काउट गाइड्स, गांधीवादी विचारक आदि उपस्थित थे।
इस दौरान जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना, उप जिला कलेक्टर कपिल शर्मा, गांधी दर्शन समिति के जिला सह संयोजक विनोद जैन, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक घनश्याम बैरवा, सहायक निदेशक हेमन्त सिंह, स्काउट सचिव महेश सेजवाल सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:- 22 पीआरओ 1 अंहिसा मार्च को हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना करते अतिरिक्त जिला कलक्टर।
फोटो कैप्शन:- 22 पीआरओ 2 गुलाब बाग में गांधी के सामने रामधुन व शांति पाठ का आयोजन।
---000---
जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
प्रशिक्षण सत्र में गांधी विचारकों ने रखे विचार
सवाई माधोपुर, 22 जनवरी। शांति एवं अहिंसा विभाग राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ रविवार को दशहरा मैदान आयोजित हुआ।
जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए शांति व अहिंसा विभाग के निदेशक मनीष शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा महात्मा गांधी सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों, महापुरुषों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचा कर उनकी दशा और दिशा में अभूतपूर्व परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि मजबूरी का नहीं बल्कि मजबूती का नाम महात्मा गांधी है। हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है कि हम युवा पीढ़ी को गांधीजी के आदर्शों, पदचिन्हों पर चलने व प्राणियों के प्रति सेवा भाव रखने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि दो दिन के प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य गांधी दर्शन एवम गांधी दर्शन पर आधारित राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। शिविर में जो सहभागी प्रशिक्षण के पश्चात प्रमाण पत्र प्राप्त करेगा उसे ही शांति एवं अंहिसा विभाग के कार्याे में वरीयता दी जाएगी।
जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला ने कहा कि महात्मा गांधी ने सर्वसमाज को साथ लेकर न सिर्फ देश को आजाद कराकर एक सूत्र में पिरोने का अतुलनीय कार्य किया बल्कि सामाजिक कुरीतियों, छुआछूत को दूर करते हुए देश में स्वच्छता एवं समरसता की मुहिम भी चलाई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गांधीजी के आदर्शों पर चलकर शिक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता के क्षेत्र में विशेष कार्य कर रहा है। महात्मा गांधी का दर्शन हमें जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर बनाता है और उनका बताया हुआ अहिंसा का मार्ग ही जीवन जीने का सर्वश्रेष्ठ मार्ग है जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है।
मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान देते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी ने कहा कि गांधी जी के विचारों व अनुभवों को आत्मसात करना होगा। गांधीजी संपूर्ण दुनिया की मानव समाज के आदर्श पुरुष है। गांधीजी के विचार एवं कृतित्व कल भी प्रसांगिक थे, आज भी प्रसांगिक है एवं भविष्य में भी रहेंगे। उन्होंने अपने पत्र वाचन में बापू की चिट्ठी पुस्तक से अजमेर की गांधीवादी विचारक राधा अग्रवाल द्वारा लिखी गई चिट्ठी पढ़कर सुनाई। उन्होंने कहा कि गांधी जी के अनुसार भारत गांवों में बसता है एवं गांवों में खादी व हथकरघा जैसे कुटीर उद्योगों का विकास करके ही भारत का विकास सम्भव है।
शिविर के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना, डॉ. एचएल शर्मा, डॉ. राजेश मीना, डॉ. विजय सिंह मावई, गीता जैलिया, इंसाफ अली, डॉ. राजेन्द्र कुमार मीना सहित अन्य गांधीवादी विचारकों ने गांधी दर्शन पर आधारित व्याख्यान प्रस्तुत किए। गांधीवादी विचारकों ने गांधी के समूचे जीवन पर प्रकाश डाला और उनके जीवन की विभिन्न घटनाओं को उल्लेखित करते हुए उससे प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने चंपारण सत्याग्रह, अफ्रीका में गांधी को रेल से उतारे जाने की घटना और उस घटना से उनके जीवन में आए परिवर्तन, असहयोग आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन के हिस्से आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी भी संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों व आमजन को प्रदान की गई। स्टेप बाई स्टेप की बालिकाओं द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुन्दर रंगोली बनाई गई। कार्यक्रम के अन्त में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। प्रशिक्षण शिविर में प्रत्येक पंचायत से दो-दो तथा शहर क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से दो-दो गांधीवादी प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस दौरान जिला प्रमुख सुदामा मीना, उप जिला कलेक्टर कपिल शर्मा, गांधी दर्शन समिति के जिला सह संयोजक विनोद जैन, मुख्य आयोजना अधिकारी बाबूलाल बैरवा, विकास अधिकारी सवाई माधोपुर समयसिंह मीना, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक घनश्याम बैरवा, स्काउट सचिव महेश सेजवाल सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:- 22 पीआरओ 3 प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते शांति व अहिंसा विभाग के निदेशक मनीष शर्मा एवं उपस्थित सहभागी।
फोटो कैप्शन:- 22 पीआरओ 4 प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला।