डोटासरा पर सीएम का वार: "राजस्थान का हक कोई नहीं रोक सकता"

जयपुर टाइम्स
जयपुर (कासं.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डोटासरा को तय करना चाहिए कि वे राजस्थान के साथ हैं या हरियाणा के। हरियाणा में कांग्रेस का प्रचार करते हुए उन्होंने घोषणा पत्र तक नहीं पढ़ा, जबकि यमुना का पानी राजस्थान का हक है।
सीएम ने कहा, "डोटासरा गमछा घुमा रहे थे, लेकिन अब हरियाणा की जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है। अब यमुना का पानी राजस्थान को मिलेगा और इसे कोई नहीं रोक सकता।" उन्होंने बताया कि राजस्थान को 1917 क्यूसेक पानी मिलेगा, जिससे 1.85 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी और चूरू-झुंझुनूं के लोगों को पीने का पानी मिलेगा।
"कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए जिलों की घोषणा की"
सीएम भजनलाल ने कांग्रेस पर नए जिलों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 67 साल में सिर्फ सात नए जिले बने, जिनमें से एक ही कांग्रेस सरकार में बना था। लेकिन आचार संहिता से पहले कांग्रेस ने 17 जिलों की घोषणा कर दी, जो जनता को पसंद नहीं आया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "क्या राजस्थान में पोपाबाई का राज चल रहा है? यहां कानून के हिसाब से शासन होगा।"