राजस्थान के सीएम ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला 

राजस्थान के सीएम ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला 

कांग्रेस ने किया नुकसान, मोदी ने बढ़ाया विश्व में भारत का सम्मान: भजनलाल 

-बोले: भाजपा सरकार में हरियाणा के किसानों की दशा और दिशा बदली 
जयपुर टाइम्स 
सोनीपत। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हरियाणा में कांग्रेस को हर मुद्दे पर घेर रहे हैं और जमकर कटाक्ष करते हुए घोटालों का जिक्र कर आमजन से कांग्रेस के झांसे में नहीं आने की अपील कर रहे हैं। वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभावशाली नेतृत्व को पूरे देश के लिए गौरवशाली बताकर भाजपा कार्यकर्ताओ में जोश भर रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक राज किया, लेकिन सिर्फ जनता को गुमराह किया और लूट-झूठ की राजनीति की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है, जिसके शासनकाल में भ्रष्टाचार और घोटाले चरम पर थे। लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और गरीब कल्याण व विकास योजनाओं ने देश को एक नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी की किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनके सम्मान को बढ़ाने के लिए किसान सम्मान निधि और क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों का बाजरा 1200-1300 रुपए प्रति क्विंटल के भाव में बिकता था, जबकि हरियाणा में भाजपा सरकार ने बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2200 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक कर दिया। इससे साबित होता है कि भाजपा सरकार किसानों के हित में काम कर रही है।