एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने वाला पहला राज्य बना हरियाणा: डॉ. पूनियां

एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने वाला पहला राज्य बना हरियाणा: डॉ. पूनियां

जयपुर टाइम्स, चंडीगढ़: भाजपा हरियाणा प्रदेश प्रभारी व भाजपा राजस्थान पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पंचकुला में मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार का सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय किसानों के हक में बड़ा फैसला है। उन्होंने इसे एनडीए की मोदी सरकार की किसान हितैषी नीतियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। डॉ. पूनियां ने कहा कि इस निर्णय से हरियाणा के किसान समृद्ध होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक बनेंगे।

डॉ. पूनियां ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड की सौगात देकर किसानों के हित की शुरुआत की थी, जिसे नरेंद्र मोदी सरकार कल्याणकारी नीतियों के जरिए मजबूत कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सभी वर्गों का समान रूप से विकास कर रही है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा पिछले 10 वर्षों से अन्नदाताओं को समृद्ध बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं, जिसमें 133 करोड़ रुपये का कर्ज माफ करना भी शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री को साधुवाद देते हुए कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने किसानों को ताकत और संबल देने का काम किया है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर काम कर रहे हैं। भाजपा की समानता की राजनीति से विपक्ष परेशान है, क्योंकि भाजपा ने बिना भेदभाव के विकास कराया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने समय-समय पर कांग्रेस को नकारा है और भाजपा को अपनाया है।

डॉ. पूनियां ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग से सामान्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है, लेकिन राहुल गांधी ऐसी हिम्मत नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का चहुंमुखी विकास हो रहा है और सभी वर्गों का समान रूप से विकास किया जा रहा है। कांग्रेस की सत्ता के लिए छटपटाहट बढ़ती जा रही है, लेकिन हरियाणा की जनता ने 2014 में ही कांग्रेस को नकार दिया था और इस चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

डॉ. पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। नरेंद्र मोदी का लक्ष्य आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाना है। भाजपा का युवा मोर्चा 11 अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालेगा और हर घर की छत पर तिरंगा लहराएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।