अलवर शहर में व्याप्त पेयजल समस्या गहराई

अलवर शहर में व्याप्त पेयजल समस्या गहराई


-जिला कांग्रेस कमेटी अलवर के जिलाध्यक्ष मिश्रा ने मुख्यमंत्री गहलोत को लिखा पत्र
अलवर। जिला कांग्रेस कमेटी अलवर के जिलाध्यक्ष एवं बीसूका उपाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने शनिवार को अलवर शहर में व्याप्त पेयजल समस्या को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा।
जिला कांग्रेस कमेटी अलवर के प्रवक्ता रिपुदमन गुप्ता ने बताया कि पत्र में मुख्यमंत्री को बीसूका उपाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने अवगत कराया है कि अलवर शहर में पेयजल की विकट समस्या है पूरे शहर में एकांतर दिवस में 20 से 25 मिनट पेयजल आपूर्ति की जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में जनता से जनसंपर्क व संवाद के दौरान आमजन ने शहर में पानी की विकट समस्या के बारे में प्रमुखता से अवगत कराया। जलदाय विभाग अलवर के अधिकारियों की पेयजल वितरण में अनियमितता के कारण पेयजल समस्या विकराल रूप ले रही है। जलदाय विभाग के अधिकारी आमजन कांग्रेस पदाधिकारी एवं पार्षदों द्वारा दी गई समस्याओं का समय रहते निवारण नहीं कर रहे है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने आगामी गर्मियों को देखते हुए अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र हेतु कंटिंजेंसी मद में बढ़ोतरी करते हुए अलवर शहर में कम से कम 50 थ्री फेस ट्यूबवेल स्वीकृत किए जाने एवं लापरवाह जलदाय विभाग अधिकारियों के खिलाफ सक्षम कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग की है तथा इसकी प्रतिलिपि पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, अलवर के प्रभारी मंत्री बी डी कल्ला, जलदाय मंत्री महेश जोशी, कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली, कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत, जिला कलक्टर जितेन्द्र सोनी तथा जलदाय विभाग राजस्थान के मुख्य अभियन्ता को आवश्यक कार्यवाही करवाने हेतु प्रेषित की है।