रामनवमी के उपलक्ष पर भगवा तिरंगा रैली से भगवा हुआ नीमकाथाना शहर

पाटन नीमकाथाना, (निंस) । हर युवा के सर पर केसरिया साफा और हाथ में भगवा तिरंगा लेकर नीमकाथाना में आज रामनवमी के उपलक्ष पर भगवा रैली और शोभा यात्रा निकाली गई। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ राम मंदिर से भगवा तिरंगा रैली निकाली गई वहीं दूसरी तरफ रामलीला मैदान छावनी से भी भगवा तिरंगा रैली निकाली गई जिनका संगम खेतड़ी मोड़ पर हुआ। नीमकाथाना शहर के मुख्य मार्गो से जब तिरंगा रैली निकली तो पूरा नीमकाथाना आज भगवा रंग में रंगा हुआ नजर आया। ऐसा पहली बार हुआ है तथा इस पहली बार के नजारे को देखकर लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम, जय श्रीराम के नारे लगाए। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया वहीं पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल ने भी यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह तंवर, विष्णु चेतानी, कविता सामोता ने भी अपने सर पर केसरिया साफा लगाकर हाथ मैं केसरिया निशान लेकर यात्रा में शामिल रहे और भगवान श्री राम के जयकारे लगाए। आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा भगवान श्री राम के दरबार की भव्य झांकी निकाली जिसमें विधायक सुरेश मोदी भी पहुंचकर भगवान श्री राम एवं उपस्थित साधु-संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया । आज के भव्य शोभा यात्रा के दौरान नीमकाथाना की पुलिस भी चाक चौबंद रही। नीमकाथाना के सभी राजनेताओं ने अपनी अपनी द्वेषताओं को दूर कर इस कार्यक्रम में भाग लिया जिससे इस यात्रा को और भी अधिक चार चांद लग गए। भगवा तिरंगा शोभायात्रा में शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतनारायण अग्रवाल, गौ सेवक दौलत राम गोयल, पूर्व तहसीलदार गजानंद शर्मा, पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल, भाजपा वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह तंवर, विष्णु चेतानी, कविता सामोता, नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी, महेश मेगोतिया, जेपी लोढा, सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा मुख्य मार्गो से होते हुए श्री राम मंदिर पहुंची जहां यात्रा का विसर्जन किया गया। लोगों का कहना है कि नीमकाथाना में यह पहली भगवा तिरंगा रैली और शोभायात्रा देखने को मिली है जहां राजनेताओं ने अपने अपने गिला शिकवा दूर कर यात्रा में शामिल हुए हैं अगर नीमकाथाना का वातावरण इसी तरह का रहा तो नीमकाथाना के विकास को बहुत शीघ्र चार चांद लगने वाले हैं।