राजस्थान दिवस पर लाभार्थी उत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन, वीसी के जरिए मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से किया संवाद

सरदारशहर। सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं से आमजन को लाभ मिला है। सरकार योजनाएं आमजन के हित में लाई है। अब आमजन को किसी भी काम के लिए परेशान नहीं होना पड़ता है। यह कहना है कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र राजवी का, राजवी गुरुवार को सरदारशहर के एसबीडी कॉलेज में आयोजित लाभार्थी उत्सव पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि गुरूवार को राजस्थान दिवस है। राजस्थान के लिए यह दिन विशेष है और मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल से लेकर तमाम सुविधाएं राजस्थान सरकार की ओर से लोगों को योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार की चिरंजीवी योजना राजस्थान ही नहीं अपितु देश भर में लोकप्रिय हो रही है। एशिया में राजस्थान पहला राज्य है जिसने स्वास्थ्य का अधिकार बिल लागू किया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक धरती के भगवान हैं। उन्होंने कोरोना के समय में आमजन को बचाया है। उनका सभी लोगों ने बहुत सम्मान किया है और करते हैं। उन्हें इस बिल में कोई संशोधन चाहिए तो सरकार से वार्ता करनी चाहिए। लेकिन इस तरह हड़ताल नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मौजूद लोगों से अपील की जो लोग योजनाओं से वंचित हैं उन लोगों को योजनाओं के बारे में बताएं और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ें। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी बृजेंद्रसिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र राजवी, ब्लॉक सीएमएचओ डॉ विकास सोनी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी मुकेश तिवारी, विजय मुंड, मुकेश सागवान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का वर्चुअल संबोधन भी हुआ। जिसका सीधा प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने कई जिलों के लाभार्थियों से बातचीत की। तहसील के लाभार्थियों ने कार्यक्रम में अपने साथ घटित घटना व सरकार द्वारा उनकी जो सहायता की गई उसके बारे में सभी लोगों को जानकारी दी। लाभार्थियों ने बताया कि चिरंजीवी योजना के माध्यम से वह लाभान्वित हुए हैं और उन्हें लाखों रुपए का फायदा हुआ है। एक कैंसर पीड़ित की पत्नी ने भी कहा कि उनके पति का बीकानेर में चिरंजीवी योजना के तहत इलाज चल रहा है। जिससे उनको बड़ा फायदा हुआ है।