देश में मौसम का कहर: बाड़मेर सबसे गर्म, श्रीनगर में टूटा 80 साल पुराना रिकॉर्ड; 25 राज्यों में आंधी-बारिश, बिहार-झारखंड में यलो अलर्ट

देश में मौसम का कहर: बाड़मेर सबसे गर्म, श्रीनगर में टूटा 80 साल पुराना रिकॉर्ड; 25 राज्यों में आंधी-बारिश, बिहार-झारखंड में यलो अलर्ट

देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। राजस्थान का बाड़मेर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में 80 साल का रिकॉर्ड टूट गया। 15 अप्रैल को यहां तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.2 डिग्री ज्यादा है। इससे पहले 1946 में 31.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बताया कि घाटी के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 8 से 11 डिग्री तक ज्यादा रहा।

मौसम विभाग ने 25 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार, ओडिशा और असम में तेज बारिश की चेतावनी है, वहीं झारखंड, मेघालय और ओडिशा में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। बिहार के 22 जिलों और झारखंड में यलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि और तूफान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। यहां 4 जिलों में भारी बारिश की आशंका है और अगले 5 दिन मौसम खराब बना रह सकता है। हरियाणा में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों में कई हिस्सों में और गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है।