बीएड के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

श्रीमाधोपुर
महात्मा गाँधी शिक्षक प्रशिक्षण (बीएड) महाविद्यालय, श्रीमाधोपुर के बीएड द्वितीय वर्ष के विधार्थियो द्वारा उत्तराखंड का शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यालय प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि भ्रमण दल तीन दिवसीय भ्रमण के लिए उत्तराखंड के विभिन्न प्राकृतिक स्थल व ऐतिहासिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थान व धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए रवाना किया। भ्रमण प्रभारी सुशीला देवी ने बताया कि भ्रमण दल सर्वप्रथम हरिद्वार पहुंचा। जहां हर की पौड़ी पर स्नान कर गंगा दर्शन किए तथा गंगा नदी में हो रहे प्रदूषण का अध्ययन करके रिपोर्ट तैयार की। उसके पश्चात हरिद्वार में विवेकानंद पार्क, महादेव मंदिर, भारत माता मंदिर में दर्शन कर जानकारी प्राप्त की तथा ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन और शत्रुघ्न घाट पर गंगा आरती में भाग लिया। ऋषिकेश में स्थित राम झूला, लक्ष्मण झूला व जानकी (सीता) झूला का आनंद उठाया। दूसरे दिन भ्रमण दल देहरादून पहुंचा। जहां सहस्त्रधारा के प्राकृतिक वादियों का अवलोकन किया तथा गंधक युक्त पानी में स्नान किया और गंधक युक्त पानी के गुणों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत करवाया गया। प्राचीन द्रोण गुहा में शिव मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद भ्रमण दल राष्ट्रीय वन अनुसंधान केंद्र (एफआरआई) पहुंचा। जहां वन अनुसंधान कार्यों व दूर संवेदन तकनीकी के बारे में जानकारियां प्राप्त की। भ्रमण में आनंद लेते हुए वहां एफआरआई म्यूजियम व विज्ञान के बारे में अध्ययन किया। जहां जूनियर साइंटिस्ट डॉ केशव त्यागी के निर्देशन में विभिन्न संग्रहालय-प्लांट पैथोलॉजिकल म्यूजियम, वुड एंड टिम्बर म्यूजियम, सिल्विकल्चर म्यूजियम, एंटोंमोलॉजी म्यूजियम, फॉरेस्ट इकोनामी म्यूजियम का अवलोकन किया। तीसरे दिन भ्रमण दल रोबर केव (गुच्छूपानी) पंहुचा। जहां पर विद्यार्थियों ने जल अपरदन से निर्मित गुफा का अवलोकन कर अपरदन के बारे में जानकारी प्राप्त की। उसके बाद देहरादून जू (चिड़ियाघर) में उपस्थित विभिन्न एनिमल स्पीशीज की फूड हैबिट्स, डिस्ट्रीब्यूशन एंड लाइफ साइकिल से संबंधित समस्त जानकारियां दी गई। उसके पश्चात भ्रमण दल बुद्ध टेंपल पहुंचा। जहां बौद्ध मंदिर की स्थापत्य कला व बौद्ध धर्म के रीति-रिवाजों के बारे में जानकारियां प्राप्त की। देहरादून की प्राकृतिक हरी-भरी वादियों को देखकर भ्रमण दल के सदस्य आनंदित हुए व्याख्याता मुकेश वर्मा ने वहां की भौगोलिक संरचना, मृदा, वनों, पर्वतो, बारिश और मौसम की जानकारी प्रदान की। भ्रमण दल के साथ राकेश शर्मा, सुशीला कुमारी, मुकेश कुमार सहित बीएड के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी मौजूद थे।