गोडशिप एकेडमी ने 'ड्रीम भारत' थीम पर मनाया 10वां वार्षिकोत्सव

जयपुर। गोडशिप एकेडमी ने अपने 10वें वार्षिकोत्सव का आयोजन विडला ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास के साथ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल डायरेक्टर जनरल पुलिस, राजस्थान, एस. सेंगथर आईपीएस थे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में कवि, लेखक एवं साहित्यकार डॉ. बी.एल. सोनी उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन और गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम 'ड्रीम भारत' थी, जिसे गोडशिप एकेडमी की डायरेक्टर संगीता भवाल ने वर्तमान शिक्षा पद्धति और भारतीय संस्कृति के बीच बढ़ती दूरी को ध्यान में रखते हुए चुना। कार्यक्रम को तीन भागों में विभाजित किया गया था: पहले भाग में बच्चों ने प्राचीन भारतीय संस्कृति और शिक्षा पद्धति का प्रदर्शन किया। दूसरे भाग में मुगलों और ब्रिटिश शासनकाल के दौरान भारतीय संस्कृति को नष्ट किए जाने का मार्मिक चित्रण हुआ। इस दौरान शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप के संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम, और 1857 की क्रांति के साथ मंगल पांडे, लक्ष्मीबाई, भगतसिंह जैसे वीरों के बलिदान को प्रस्तुत किया गया।
अंतिम भाग में भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना और अपनी जड़ों की ओर लौटने का संदेश दिया गया। बच्चों ने सूफी गायन, बंगाली, गुजराती, और राजस्थानी घूमर नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन संगीता भवाल ने प्रभावी ढंग से किया और अंत में सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। विडला ऑडिटोरियम दर्शकों से भरा हुआ था, और बच्चों की प्रस्तुतियों पर बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमेन स्वराज शहीद भवाल ने अपना बधाई संदेश भेजा, और गॉडशिप फ़िलेंथरोपिक सोसाइटी के चेयरमेन डी.एन. सिंह, अध्यक्ष राजेश अडसेला, उपाध्यक्ष मनोज कुमार अडसेला, और कोषाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह उपस्थित रहे।