संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन: संविधान हमारा पथप्रदर्शक  लोकतंत्र की मजबूती और आतंकी चुनौतियों पर दिया संदेश

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन: संविधान हमारा पथप्रदर्शक  लोकतंत्र की मजबूती और आतंकी चुनौतियों पर दिया संदेश

नई दिल्ली। संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट में वकीलों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संविधान की महत्ता को रेखांकित किया। पीएम ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि यह हमारे वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शक है। उन्होंने बाबासाहेब अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि संविधान की भावना समय के साथ बदलते युग का प्रतीक है।  

मुंबई हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि  
पीएम मोदी ने मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दोहराया कि भारत की सुरक्षा को चुनौती देने वाले हर आतंकी संगठन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।  

नई न्याय संहिता और नागरिक सशक्तिकरण पर जोर  
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय नागरिकों को त्वरित और न्यायसंगत सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नई न्याय संहिता लागू की गई है। उन्होंने देश में हुए सामाजिक और आर्थिक बदलावों पर चर्चा करते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों में करोड़ों लोगों को बैंकिंग, पक्के मकान और मुफ्त गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं दी गईं।  

ईज ऑफ लीविंग पर विशेष ध्यान  
पीएम मोदी ने कहा कि अब देश में सीनियर सिटीजन्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जैसी सुविधाएं घर बैठे मिल रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि संविधान केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि यह जीवंत धारा है, जो देश की चुनौतियों और जरूरतों के अनुसार प्रवाहित होती है।