रामनगर बास के पानी निकासी की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ निदान, पालिका अध्यक्ष राजकरण चौधरी ने किया निरीक्षण

रामनगर बास के पानी निकासी की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ निदान,  पालिका अध्यक्ष राजकरण चौधरी ने किया निरीक्षण

सरदारशहर। शहर के रामनगर बास में वर्षों से चली आ रही पानी निकासी की समस्या का आखिरकार गुरुवार को समाधान हो गया। नगरपालिका अध्यक्ष राजकरण चौधरी और कांग्रेस नेता जितेंद्रसिंह हाडा की कड़ी मेहनत के बाद गुरुवार को भूमिगत नाली से पानी निकासी शुरू किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष राजकरण चौधरी व कांग्रेस नेता जीतेंद्रसिंह हाडा रेलवे फाटक के पास बने इस नाले का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष राजकरण चौधरी ने कहा कि यह समस्या वर्षों पुरानी समस्या थी और इस समस्या के निराकरण के लिए पिछले कई वर्षों से कोशिश की जा रही थी। लेकिन इस बार जैसे ही नगरपालिका का गठन हुआ उसके तुरंत बाद इस समस्या को समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया गया। रेलवे पटरीयो के नीचे से भूमिगत नाला बनाना था तो रेलवे विभाग से इसकी अनुमति ली गई। जिसके लिए रेलवे को कुल 40 लाख रुपए जमा करवाएं। उसके बाद भूमिगत नाले का निर्माण शुरू करवाया गया। नाला भूमिगत होने के चलते आसपास के लोगों द्वारा काफी बार इसका विरोध भी किया गया। लेकिन कांग्रेस नेता जितेंद्रसिंह हाडा ने हर बार समझाइश कर इस नाले का निर्माण सुचारू रखा और उसी का नतीजा है कि रामनगर बास के 3 वार्डो के पानी निकासी की समस्या अब दूर हुई है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 1, 2 और 3 के वार्डो में अब पानी जमा नहीं रहेगा। कांग्रेस नेता जितेंद्रसिंह हाडा ने कहा कि नगरपालिका चुनाव से पहले स्वर्गीय विधायक भंवरलाल शर्मा ने वार्ड वासियों से वादा किया था कि अगर कांग्रेस की नगरपालिका बनती है तो जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और वर्तमान विधायक अनिल शर्मा और नगरपालिका अध्यक्ष राजकरण चौधरी के प्रयासों से यह काम लगातार जारी रहा और जो भी समस्याएं आई उनको दूर करते हुए 3 वार्डो के पानी निकासी की समस्या को दूर करने में अब सफलता हासिल हुई है।