केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के असम दौरे की शुरुआत, तिनसुकिया में केंद्र की योजनाओं की समीक्षा

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के असम दौरे की शुरुआत, तिनसुकिया में केंद्र की योजनाओं की समीक्षा

तिनसुकिया (असम), 22 अक्टूबर 2024। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने अपने तीन दिवसीय असम प्रवास की शुरुआत तिनसुकिया जिले से की। मंगलवार को गुवाहाटी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और कृषि मंत्रालय के अधिकारियों ने उन्हें पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद चौधरी तिनसुकिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में भागीरथ चौधरी ने किसानों की उन्नति के लिए चलाए जा रहे कृषि मंत्रालय की योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राष्ट्रीय ऑयल पाम मिशन और अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को इन योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।

केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से असम के किसानों की जरूरतों और क्षेत्रीय कृषि चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय कृषि उत्पादों की वृद्धि और उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए रणनीतियों पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और चौधरी के निर्देशानुसार योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर सहमति जताई।

इस दौरे के दौरान चौधरी ने तिनसुकिया में एक मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का भी दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीण विकास और पोषण के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

राज्य सरकार के मंत्री और तिनसुकिया के विधायक संजय किशन ने भी केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर चौधरी ने असम की जनता और अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में असम के किसानों को और अधिक लाभ मिलेंगे।

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी अगले दो दिनों में असम के विभिन्न जिलों में जाकर केंद्र की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।